Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक युवक को घर से जबरन उठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को कुरूद की सड़कों पर पैदल चलाया। इस दौरान उनसे अपराध के खिलाफ नारे भी लगवाए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। शिकायत के अनुसार, कुछ युवक नवागांव पहुंचे और एक युवक के घर में घुसकर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर गाड़ाडीह ले गए। आरोप है कि गाड़ाडीह पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद पीड़ित ने कुरूद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं और उनके नशे की लत से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को कुरूद की सड़कों पर पैदल चलाया और उनसे अपराध के खिलाफ नारे लगवाए। इस दौरान आरोपियों से कथित तौर पर “जुर्म करना पाप है, कानून हमारा बाप है” जैसे नारे लगवाए गए। त्योहारों का सीजन नजदीक होने के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश देने से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में मारपीट, गुंडागर्दी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शेयर करें Post navigation Balod News: गाइडलाइन के उल्लंघन पर निर्मला स्कूल प्रबंधन को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब Raipur News: लारेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर एजाज ढेबर से 50 करोड़ की मांग