Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। जिले के हसौद में सड़क के बीचों-बीच लगाए गए स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब पड़े हैं। रात होते ही मुख्य मार्ग के कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अंधेरे के कारण इस मार्ग पर कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत को लेकर जिम्मेदारों की ओर से अब तक गंभीरता नहीं दिखाई गई है। बताया जा रहा है कि हसौद के सड़क मार्ग पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट वर्तमान में महज शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं। एक भी लाइट के नहीं जलने से शाम ढलते ही सड़क का अधिकांश हिस्सा अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी होती है। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों को रोशन करने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। लेकिन समय पर मेंटेनेंस और खराब लाइटों की मरम्मत नहीं होने के कारण इन योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होता दिखाई दे रहा है। हसौद में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां स्ट्रीट लाइट व्यवस्था लंबे समय से खराब होने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रात के समय सड़क पर अंधेरा होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि हसौद के मुख्य मार्ग पर खराब पड़े सभी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कराई जाए और बंद पड़ी लाइटों को जल्द से जल्द चालू किया जाए। अब देखने वाली बात होगी कि लंबे समय से सामने आ रही इस समस्या के बावजूद जिम्मेदार कब तक इस ओर ध्यान देते हैं और हसौद की सड़कों को अंधेरे से कब तक निजात मिलती है। शेयर करें Post navigation Gariyaband News: सर्प पूजा के बाद गांव में निकली शोभायात्रा, ऋषि पंचमी पर देवरी में उमड़ी भीड़ Bhilai News: मोवा से नाबालिग के अपहरण का आरोप, रास्ते में चेन-ब्रेसलेट और 40 हजार रुपये लूटने का दावा