Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने रैगिंग के दौरान लोहे के कड़े से दोनों छात्रों के सिर पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी परिजनों को उस वक्त मिली, जब मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। परिजनों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल का है। बताया गया कि 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने रैगिंग के दौरान 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ मारपीट की। आरोप है कि लोहे के कड़े से सिर पर हमला किए जाने के बाद दोनों छात्र मौके पर बेहोश हो गए। घटना के बाद दोनों छात्र लहूलुहान हालत में मिले।

परिजनों का आरोप है कि घायल छात्रों की स्थिति गंभीर होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें घटना की तत्काल जानकारी नहीं दी गई। मामले में पुलिस से शिकायत के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने इस मामले में 4 नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले अन्य छात्रों के बीच भी डर का माहौल बताया जा रहा है। वहीं, परिजनों ने हॉस्टल में रह रहे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को ने बताया कि उनके बेटे ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। बेटे ने बताया कि हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने रैगिंग के दौरान उसके साथ मारपीट की। पिता ने हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य पर घटना की जानकारी परिजनों को नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

शेयर करें

By admin