Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा जिला कार्यालय प्रियदर्शिनी परिसर, सुपेला भिलाई में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत भारत माता तथा भाजपा के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक में सांसद विजय बघेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रभारी लक्ष्मी वर्मा, सहप्रभारी चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती, कवर्धा प्रभारी महेश वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

15 सितंबर तक संगठनात्मक कार्य पूरा करने के निर्देश

बैठक को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सवन्नी ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े सभी कार्य 15 सितंबर तक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव की तैयारियों में पूरी गंभीरता और सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।

नगरीय निकाय चुनाव को लेकर एकजुटता पर जोर

सांसद विजय बघेल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के पांच स्थानों पर नगरीय निकाय चुनाव होने हैं और सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भी कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक नेतृत्व और सामूहिक प्रयासों का परिचय दिया है। इस बार भी आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने की जरूरत है।

महापौर चुनाव को बताया महत्वपूर्ण

विजय बघेल ने कहा कि यह चुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। महापौर का चुनाव भी महत्वपूर्ण है, इसलिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। साथ ही पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी भी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।

चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा

बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, नगरीय निकायवार तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, बृजेश बिचपुरिया, रविशंकर सिंह, शिरीष अग्रवाल, निहारिका मिश्रा, दिव्या भसीन, वीरेंद्र साहू, निर्मला यादव, तुलसी साहू, भोजराज सिन्हा, बिजेंद्र सिंह, श्याम सुंदर राव, पूनम शुक्ला, चिन्ना केशवलु, गोपाल कृष्ण वर्मा, त्रिलोचन सिंह, विजय जायसवाल, विनोद सिंह, रश्मि सिंह, पारस जंघेल, भारती साहू, हेमंत देवांगन, योगेंद्र सिंह, तिलक यादव, सचिन ताम्रकार, मदन सेन, राजेंद्र सिंह, रवि कश्यप, जाकिर हुसैन, बॉबी चौहान, सुभाष शर्मा, दिनेश देवांगन, नरेश यादव, अब्दुल नासिर भाई सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शेयर करें

By admin