Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। महंगाई के विरोध में कांग्रेस अब ‘चीनी सत्याग्रह’ के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि पार्टी आने वाले दिनों में शक्कर की कीमतों के मुद्दे को लेकर सड़क पर बड़ा आंदोलन करेगी। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि देश में बड़े पैमाने पर गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल बनाने में बढ़ने के कारण शक्कर की आपूर्ति प्रभावित हुई है और इसी वजह से बाजार में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों को नुकसान हो रहा है। पीसीसी चीफ ने आरोप लगाया कि सरकार को शक्कर की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की जानकारी पहले से थी। उन्होंने कहा कि सरकार को तीन से चार महीने पहले ही स्थिति का अंदाजा था, इसके बावजूद कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बैज ने दावा किया कि महंगाई बढ़ाकर सरकार जनता से करीब 36 हजार करोड़ रुपये वसूल चुकी है। दीपक बैज ने डबल इंजन की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर दीपक बैज ने महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह नमक की कीमत और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ महात्मा गांधी ने सत्याग्रह किया था, उसी तरह आज शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ‘चीनी सत्याग्रह’ शुरू करेगी। कांग्रेस का कहना है कि शक्कर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। पार्टी अब इसी मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाने और जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। शेयर करें Post navigation Bijapur News: कभी नक्सल हिंसा से था खौफ, अब खेल प्रतिभाओं से चमक रहा बीजापुर, विदेशों तक पहुंची बेटियों की उड़ान Bilaspur News: देर रात पथराव और हिंसा के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 50 से ज्यादा लोगों पर केस दर्ज