Chhattisgarh Takhatpur News : तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बांधा में शेरनी के हमले में 25 वर्षीय युवक धरम दास घृतलहरे की मौत हो गई। घटना जुनापारा चौकी क्षेत्र के जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 की बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, धरम दास घृतलहरे जंगल में बांस से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शेरनी ने युवक की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद शेरनी ने युवक के शव को भी नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद है। इसे देखते हुए ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद जुनापारा पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र का जायजा लेने और वन्यजीव की मौजूदगी पर नजर रखने में जुटी है। वन विभाग की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और शेरनी की मौजूदगी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। शेयर करें Post navigation Raipur News: IGKV पेपर लीक कांड में बड़ा एक्शन, दो परीक्षाएं रद्द कर सितंबर में होंगी पुनः आयोजित Balod News: नेताओं की तस्वीरों का कथित तौर पर बनाया दबाव का हथियार, अकबर तिगाला के खिलाफ EOW में शिकायत