Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी और उसकी पत्नी को तोरवा पुलिस ने दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया आधारित मेट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को निशाना बनाता था। मामले में करीब 12 से 13 लाख रुपये की ठगी, जिसमें नगदी और सोने-चांदी के जेवर शामिल हैं, सामने आई है। कोरबा निवासी पीड़िता ने 9 मार्च 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी पहचान “शादी डॉट कॉम” के माध्यम से पवन कुमार यादव से हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का भरोसा दिलाया और विश्वास जीतने के बाद उसके साथ दैहिक संबंध बनाए। बाद में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे नगदी और कीमती जेवर ले लिए। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी अपनी पत्नी नवीता यादव के साथ फरार हो गया और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा। पुलिस ने बिलासपुर और पामगढ़ सहित कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी का मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और बैंक खातों का विश्लेषण किया। अधिकांश खाते बंद मिले, लेकिन उसकी पत्नी के खाते में लेन-देन जारी था। बैंक ट्रांजेक्शन से बल्लभगढ़ (हरियाणा) का सुराग मिलने पर पुलिस टीम दिल्ली-हरियाणा पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर ले आई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार यादव (34) और उसकी पत्नी नवीता यादव (30), निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 69, 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। शेयर करें Post navigation Raipur News: उरला की विजय ट्रांसमिशन फैक्ट्री में हादसा, श्रमिक की मौत के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश के संकेत, गरज-चमक के साथ तेज बौछारें संभव, पढ़ें मौसम की खबर