Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत सबसे पहले दुर्ग-भिलाई से होगी। इसके बाद बिलासपुर और रायपुर में ई-बस सेवा शुरू करने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्ग-भिलाई में डिपो और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं तथा एजेंसी का चयन भी कर लिया गया है। ऐसे में अगले तीन माह के भीतर यहां इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। सितंबर 2024 में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के चार प्रमुख शहरों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी थी। इनमें रायपुर के लिए 100, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई के लिए 50-50 तथा कोरबा के लिए 40 बसें स्वीकृत की गई हैं। हालांकि, मंजूरी मिलने के डेढ़ वर्ष से अधिक समय बाद भी प्रदेश के किसी भी शहर में ई-बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। रायपुर में ई-बस सेवा शुरू होने में अभी करीब एक वर्ष का समय लग सकता है। यहां जरवाय में करीब दो हेक्टेयर भूमि पर डिपो, चार्जिंग स्टेशन और अन्य जरूरी सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन अब तक केवल 25 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। इसी वजह से राजधानी में ई-बस संचालन फिलहाल संभव नहीं हो सका है। ई-बस सेवा शुरू होने से शहरों में प्रदूषण कम करने, सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने और डीजल पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश शहरों में यात्री पुरानी सिटी बसों और निजी वाहनों पर निर्भर हैं। कोरोना काल से पहले नौ शहरों में संचालित 378 सिटी बसों में से 272 बसें लंबे समय तक बंद रहने के कारण कबाड़ हो चुकी हैं। वर्तमान में केवल 106 बसें बची हैं, जिनमें रोजाना 70 से 80 बसें ही सड़कों पर उतर रही हैं। दुर्ग-भिलाई और जगदलपुर में फिलहाल एक भी सिटी बस संचालित नहीं हो रही है। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के सीईओ सुमित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। दुर्ग-भिलाई में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं, जबकि रायपुर में डिपो और चार्जिंग स्टेशन का निर्माण जारी है। शेयर करें Post navigation Bilaspur News : वन विभाग के 2014 सर्कुलर पर हाईकोर्ट की रोक, कहा- तबादले के आधार पर वरिष्ठता घटाना असंवैधानिक Dhamtari News : महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, लालटेन लेकर बिजली विभाग का घेराव