Chhattisgarh Jagdalpur News : जगदलपुर। मानसून के मौसम के साथ बस्तर जिले में आई फ्लू (कंजंक्टिवाइटिस) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले एक महीने में जिले में 600 से अधिक लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जिला अस्पताल महारानी और मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में बढ़ी नमी और धूल के कारण आई फ्लू का संक्रमण तेजी से फैलता है। यह वायरल संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से आसानी से दूसरे लोगों तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर इलाज और सावधानी बरतने पर यह संक्रमण सामान्यतः 7 से 15 दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन लापरवाही या घरेलू उपचार परेशानी बढ़ा सकते हैं। सीएमएचओ डॉ. संजय बासक ने बताया कि जिले के सभी बीएमओ और नेत्र रोग विशेषज्ञों को मरीजों की काउंसलिंग, समय पर उपचार और बचाव संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आंख लाल होना, पानी आना, खुजली या जलन जैसे लक्षण दिखने पर स्वयं इलाज करने के बजाय तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से बचने, आंखों को बार-बार हाथ न लगाने और संक्रमण के दौरान व्यक्तिगत वस्तुओं का साझा उपयोग नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर उपचार और सावधानी बरतकर आई फ्लू के फैलाव को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगा नया मुकाम, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ Durg News : बाइक विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार