Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत डिपरापारा में करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पत्नी से विवाद के बाद वह बिजली के खंभे पर चढ़ गया और 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, लवकुश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डिपरापारा में रहता था। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान वह घर के बाहर लगे करीब 10 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर दीवार के सहारे चढ़ गया। इसी दौरान वह 11 केवी हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद लवकुश के खंभे पर चढ़कर हाईटेंशन तार को छूने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। शेयर करें Post navigation Balrampur News: 15 गोलियां, टूटा हाथ, फिर भी नहीं रुके परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव Raipur News: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर दीपक बैज का तंज, बोले- नैतिकता नहीं, मजबूरी में देना पड़ा इस्तीफा