Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को बॉयलर में हुए तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि कुछ ही मिनटों में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विस्फोट के बाद फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक भी आ गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई दमकल वाहन आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूर सुरक्षित हैं और अब तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सील कर दिया है। आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, जबकि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोक रखा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए। पुलिस लगातार लोगों से सुरक्षा घेरे से दूर रहने की अपील कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बॉयलर में विस्फोट के बाद आग लगी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शेयर करें Post navigation Mahasamund News: महासमुंद में गांजा तस्करी पर बड़ा एक्शन: कार के सीक्रेट चेंबर से 38 किलो गांजा जब्त, बिहार का आरोपी गिरफ्तार Raipur News : छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल जेल भेजे गए, 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत