Chhattisgarh Kondagaon News: कोंडागांव। जिले के पीएमश्री स्कूल डीपोपारा में शिक्षकों की कमी को लेकर शुक्रवार को पालकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज अभिभावकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे पालकों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर स्कूल में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।

पालकों के अनुसार, पहली से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए स्कूल में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक शिक्षिका हिना कश्यप स्वास्थ्य कारणों से लंबे समय से नियमित रूप से स्कूल नहीं आ पा रही हैं। ऐसे में पूरे स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था एक ही शिक्षिका के भरोसे चल रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जिला मुख्यालय के पीएमश्री स्कूल की यह स्थिति है, तो दूरदराज के ग्रामीण स्कूलों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति और व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

 

शेयर करें

By admin