Chhattisgarh Chhuria News: छुरिया। कांग्रेस नेताओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब भाजपा का एक कार्यकर्ता कथित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर भाग गया। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार पुराने बस स्टैंड पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम तय था। कार्यकर्ता प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता अमीर खान कथित रूप से प्रदर्शन स्थल पर खड़े वाहन से पुतला उठाकर भाग गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।

घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दूसरा पुतला मंगवाकर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। इसके बाद नगर में विरोध रैली निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नीट पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा, निष्पक्ष जांच और प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग उठाई।

इस दौरान पूर्व विधायक छन्नी साहू ने भाजपा कार्यकर्ताओं के व्यवहार पर नाराजगी जताई और विरोध दर्ज कराया। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव, पूर्व विधायक छन्नी साहू और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता छुरिया थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता अमीर खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया, जो देर रात तक जारी रहा।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें

By admin