Bilaspur News: बिलासपुर संभाग में सोमवार को अपराध, हादसे और रेलवे से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आईं। रतनपुर में ग्रामीण बैंक में सेंधमारी की कोशिश नाकाम रही, लोरमी में नाबालिग और महिला से छेड़छाड़ के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सिरगिट्टी में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं बिलासपुर मंडल के 140 टिकट चेकिंग कर्मियों को बॉडी वॉर्न कैमरे दिए गए और सक्ती जिले से एक 14 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला भी सामने आया। ग्रामीण बैंक में सेंधमारी की कोशिश रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने पीछे की दीवार तोड़कर बैंक में घुसने का प्रयास किया। आरोपियों ने परिसर में लगे एटीएम में भी तोड़फोड़ की, लेकिन नकदी या अन्य सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घर में घुसकर महिला और नाबालिग से छेड़छाड़, दो गिरफ्तार मुंगेली जिले के लोरमी में घर में घुसकर महिला और उसकी नाबालिग रिश्तेदार से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। करंट लगने से महिला की मौत सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में सोमवार सुबह किचन के शेड में उतरे करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय आशा देवी रजक की मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बिजली लीकेज की आशंका जताई गई है। 140 टिकट चेकिंग कर्मियों को मिले बॉडी वॉर्न कैमरे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से बिलासपुर रेल मंडल ने सभी महिला टिकट चेकिंग कर्मचारियों सहित कुल 140 टिकट चेकिंग कर्मियों को बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए हैं। रेलवे का कहना है कि इससे टिकट जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और किसी भी विवाद की स्थिति में रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। बाराद्वार रेलवे स्टेशन से 14 वर्षीय किशोर लापता सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्हाडीह निवासी 14 वर्षीय प्रांशु साहू 29 जून से लापता है। परिजनों के अनुसार उसे आखिरी बार बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने आम लोगों से किशोर के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। शेयर करें Post navigation CG Weather: मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी, आज भी कई इलाकों में भारी बारिश और गाज गिरने की चेतावनी Dhamtari News: धमतरी पुलिस की मजबूत पैरवी रंग लाई, गांजा तस्करी के दोनों आरोपी दोषी करार