CG Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। अगले सात दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के असर से रायपुर समेत मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

रायपुर में आज भी बदला रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवाएं भी चल सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बादल छाए रहने से लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुसमी में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पखांजूर में 7 सेंटीमीटर, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि पौड़ी उपरोड़ा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई इलाकों में भी 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

14 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

शेयर करें

By admin