Scam in Bharatmala Project: भिलाई। भारतमाला परियोजना से निकलने वाले स्क्रैप की तौल में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए हेराफेरी कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में उतई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने धर्मकांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी स्क्रैप कारोबारी अवतार सिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, भारतमाला परियोजना में कार्यरत एएमएनएस लिमिटेड के अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परियोजना से निकलने वाले स्क्रैप का वजन धर्मकांटे में वास्तविक वजन से कम दर्ज किया जा रहा है। इससे कंपनी को लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा था। शिकायत के बाद कंपनी ने मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों को पिछले करीब 20 दिनों से तौल में गड़बड़ी की आशंका थी। इसके बाद 23 जून को सर्विस इंजीनियर से धर्मकांटे की तकनीकी जांच कराई गई। जांच में मशीन के अंदर एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगी मिली, जिसके माध्यम से मशीन की रीडिंग से छेड़छाड़ कर स्क्रैप का वजन वास्तविक से कम प्रदर्शित किया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि भारतमाला परियोजना से निकलने वाले स्क्रैप का ठेका एक निजी स्क्रैप ट्रेडर्स को दिया गया था। स्क्रैप से भरे वाहनों की तौल उतई क्षेत्र स्थित धर्मकांटे में कराई जाती थी। पूछताछ के दौरान धर्मकांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू ने स्वीकार किया कि मशीन में लगाया गया इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस स्क्रैप कारोबारी अवतार सिंह के कहने पर लगाया गया था, ताकि स्क्रैप का वजन कम दर्ज हो और अतिरिक्त माल की अवैध निकासी की जा सके। मामले में उतई पुलिस ने आरोपी कुंदन राम साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं मुख्य आरोपी अवतार सिंह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही कंपनी को हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच के आधार पर मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh News: CGPSC-UPSC की निशुल्क तैयारी कराएगा ‘उन्नति डहर विद्या मंदिर’, ‘गूगल बॉय’ रुद्र शर्मा का बड़ा सामाजिक अभियान Pulse Polio Campaign in Durg: उतई में पल्स पोलियो अभियान का आयोजन, बच्चों को पिलाई गई जिंदगी की दो बूंद