अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एअर इंडिया और इंडिगो के दो यात्री विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और क्रू की सतर्कता के चलते दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया और संभावित दुर्घटना टल गई।

सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट उड़ान भरने के लिए टैक्सीवे पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि पार्किंग क्षेत्र की ओर बढ़ते समय एअर इंडिया का विमान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गया और उसी टैक्सीवे पर पहुंच गया, जहां इंडिगो का विमान मौजूद था।

दोनों विमानों के बीच रह गई थी करीब 200 मीटर की दूरी

घटना के दौरान दोनों विमान एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए थे और उनके बीच की दूरी लगभग 200 मीटर बताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए दोनों विमानों को तत्काल रोक दिया गया। इसके बाद एअर इंडिया के विमान को टो वाहन की मदद से खींचकर सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया। विमान हटने के बाद इंडिगो की उड़ान को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

एअर इंडिया ने मानी गलती

घटना के बाद एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग की ओर जाते समय अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी।

एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि इस घटना के दौरान यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद विमान को टो कर सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया।

इंडिगो ने बताया पूरी तरह सुरक्षित रही उड़ान

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट 6E-5160 अहमदाबाद से मुंबई रवाना होने के लिए टैक्सीवे पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा से सामने आ गया।

एयरलाइन के अनुसार, दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया था। एअर इंडिया के विमान को हटाने के बाद इंडिगो की उड़ान ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत उड़ान भरी और सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गई।

विमानन अधिकारियों को दी गई जानकारी

एअर इंडिया ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि विमान पार्किंग क्षेत्र की ओर जाते समय गलत टैक्सीवे पर कैसे पहुंच गया।

एयरबस A320 श्रेणी के थे दोनों विमान

जानकारी के अनुसार, घटना में शामिल दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी यात्री विमान थे। इस श्रेणी के विमानों में सामान्य तौर पर 150 से 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। हालांकि घटना के समय दोनों विमानों में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इसे विमानन सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

By admin