Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। आपातकाल की 51वीं बरसी के अवसर पर भाजपा अटल सदन कार्यालय, बीजापुर में आयोजित प्रेसवार्ता में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने संविधान के अनुच्छेद-352 का सहारा लेते हुए देश में आपातकाल लागू किया, जबकि उस समय न तो कोई बाहरी आक्रमण था और न ही युद्ध जैसी स्थिति। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला केवल सत्ता बचाने के लिए लिया गया था। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि 1971 के लोकसभा चुनाव के बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इंदिरा गांधी के निर्वाचन को अवैध घोषित कर दिया था। इसके बाद 25 जून 1975 की रात देश में आपातकाल लागू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया, समाचार पत्रों की बिजली काटी गई, सेंसरशिप लागू की गई और हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को जेल में डाल दिया गया। अटामी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, जॉर्ज फर्नांडिस और नानाजी देशमुख सहित कई विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान के 38वें, 39वें और 42वें संशोधनों के माध्यम से न्यायपालिका की शक्तियों को सीमित कर सत्ता को केंद्रीकृत करने की कोशिश की गई। उन्होंने शाह आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आपातकाल लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों पर सीधा प्रहार था। अटामी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनावों से नहीं, बल्कि स्वतंत्र न्यायपालिका, स्वतंत्र मीडिया और नागरिकों के अधिकारों से मजबूत होता है। भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कार्यशैली आज भी उसी मानसिकता को दर्शाती है और कांग्रेस शासित राज्यों में विरोधी विचार रखने वाले लोगों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के उदाहरण सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपातकाल भले ही 1977 में समाप्त हो गया हो, लेकिन उसकी मानसिकता वाले तत्व आज भी मौजूद हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रताप यादव, पार्षद संजय रिवानी, हितेश साहनी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शेयर करें Post navigation Durg News: गोंड समाज ने याद किया रानी दुर्गावती का शौर्य, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ आयोजन संपन्न Bijapur News: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर कलेक्टर का जोर, साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश