Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्ट्रीट लाइटों के संचालन, संधारण और रखरखाव की जिम्मेदारी नई एजेंसी मेसर्स वाईआर सिंह को सौंपी जा रही है। इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा कार्यादेश जारी किया जा रहा है।

इस व्यवस्था पर नगर निगम करीब 1.30 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इससे शहर के सभी 60 वार्डों की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। नई एजेंसी नगर निगम क्षेत्र में लगे विद्युत पोलों की स्ट्रीट लाइट, सायंकालीन टाइमर व्यवस्था और बंद या खराब लाइटों के नियमित रखरखाव का काम करेगी। इससे स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायतों का समय पर निराकरण हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले स्ट्रीट लाइटों का संधारण ईईएसएल के माध्यम से किया जा रहा था। एजेंसी की कार्य अवधि 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बाद निगम प्रशासन ने पहली बार विधिवत निविदा प्रक्रिया अपनाकर नई एजेंसी का चयन किया है।

नई व्यवस्था के तहत करीब 13 कर्मचारियों की टीम शहर के सभी क्षेत्रों में भ्रमण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति पर नजर रखेगी। टीम बंद और खराब लाइटों की मरम्मत के साथ नियमित रखरखाव भी करेगी। इसके अलावा जिन चौक-चौराहों और स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां जरूरत के अनुसार नए ट्यूबलर पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड और अंतिम छोर तक बेहतर प्रकाश व्यवस्था पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि नई एजेंसी के माध्यम से बंद और खराब लाइटों को समयबद्ध तरीके से सुधारा जाएगा। निगम का प्रयास है कि शहर का कोई भी क्षेत्र अंधेरे में न रहे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें।

शेयर करें

By admin