Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता लगभग तीन गुना बढ़ाने की तैयारी है। बढ़ते हवाई यातायात और यात्रियों की संख्या को देखते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) एयरपोर्ट के रनवे, टैक्सी-वे, पार्किंग और यात्री सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पहली पत्रकार वार्ता में विस्तार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा समय में एक रनवे से प्रति घंटे करीब 12 विमानों की आवाजाही होती है, जिसे बढ़ाकर पहले चरण में 24 और दूसरे चरण में करीब 35 विमानों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मोहम्मद आरिफ के मुताबिक, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सी-वे और अतिरिक्त एप्रन का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से विमानों को रनवे पर अधिक समय तक रुकने की जरूरत नहीं होगी और परिचालन क्षमता में बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर कैट-II अप्रोच सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने के बाद कोहरे के दौरान भी 300 मीटर की दृश्यता में विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी। फिलहाल इसके लिए लगभग 550 मीटर दृश्यता की आवश्यकता होती है। इससे खराब मौसम के दौरान उड़ानों के संचालन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। यात्री सुविधाओं और सुरक्षा में भी बदलाव एयरपोर्ट पर प्रतिदिन करीब 8 से 9.5 हजार यात्री आवाजाही कर रहे हैं। यहां रोजाना 60 से 68 उड़ानों का संचालन होता है। वर्ष 2024-25 में यात्रियों की संख्या करीब 25 लाख थी, जो 2025-26 में बढ़कर 27 लाख से अधिक हो गई। वहीं, टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 32 लाख है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डिजीयात्रा, 15 चेक-इन काउंटर और चौथी एक्स-रे मशीन की सुविधा शुरू की जा चुकी है। चौथा एयरो ब्रिज भी जल्द शुरू होने की संभावना है। इसके अलावा विमानों की पार्किंग के लिए स्टैंड की संख्या 9 से बढ़ाकर 13 कर दी गई है। टर्मिनल के सामने सात-सात मीटर की दो अतिरिक्त लेन और निकासी मार्ग पर चार लेन का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों को जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 110×21 मीटर की कैनोपी का निर्माण मार्च-अप्रैल 2027 तक पूरा करने की तैयारी है। यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालयों का भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर एयरपोर्ट डायरेक्टर ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान टर्मिनल के सामने सरकारी वाहनों को लंबे समय तक खड़ा नहीं रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अतिथियों के पहुंचने से पांच से दस मिनट पहले ही वाहन टर्मिनल के सामने लाए जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो। इसके अलावा बीएसएसी से काउंटर टेररिज्म कंटिंजेंसी प्लान (CTCP) को मंजूरी मिलने के बाद एयरपोर्ट के सिटी साइड क्षेत्र की सुरक्षा भी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जिम्मे होगी। इससे एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ वाहन चालकों के बीच होने वाले विवाद जैसी घटनाओं पर भी नियंत्रण की उम्मीद है। शेयर करें Post navigation Dantewada Latest News: जंगल और पर्यावरण को नुकसान पर बढ़ा विवाद, NMDC के वरिष्ठ अधिकारी पर गिरी गाज