Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी में कथित चंगाई सभा को लेकर विवाद सामने आया है। 22 नवंबर को आयोजित प्रार्थना सभा का विरोध करने पहुंचे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति पर भगवान श्रीराम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। मामले में संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर को नगरी में कथित तौर पर चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सभा शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर आयोजित की जा रही थी। इसी के विरोध में संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे।

इसी दौरान वहां विवाद की स्थिति बन गई। हिंदू जागरण मंच का आरोप है कि कार्यकर्ताओं और पुलिस की मौजूदगी में दिनेश साहू नामक व्यक्ति ने भगवान श्रीराम के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कथित टिप्पणी के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।

घटना से नाराज संगठन के कार्यकर्ता नगरी थाने पहुंचे और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हिंदू जागरण मंच का कहना है कि उनका विरोध सभा के कथित नियम उल्लंघन को लेकर था, लेकिन इस दौरान भगवान श्रीराम के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

By admin