Chhattisgarh Dantewada News: दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के किरंदुल स्थित NMDC के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन ने जंगल और प्राकृतिक जलस्रोतों को भारी नुकसान पहुंचाया है। 17 नवंबर की रात खनन से निकला ओवरबर्डन यानी अपशिष्ट मलबा पहाड़ से खिसककर नीचे स्थित आरक्षित वन क्षेत्र तक फैल गया। वन विभाग के शुरुआती आकलन के मुताबिक, इस घटना में करीब 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। वहीं, लगभग ढाई से तीन किलोमीटर लंबा प्राकृतिक नाला भी मलबे की चपेट में आया है। मामले में वन विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भूस्खलन का असर वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर 673 स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में सामने आया है। पहाड़ से नीचे आए मलबे ने पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा जंगल के पुनर्जीवन यानी रीजनरेशन पर भी असर पड़ने की आशंका है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया गया है। वास्तविक स्थिति का पता विस्तृत निरीक्षण के बाद ही चल सकेगा।

इस घटना ने खनन से निकलने वाले ओवरबर्डन के सुरक्षित निस्तारण और उसकी निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी खनन अपशिष्ट का सुरक्षित निस्तारण करना है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि मलबा आरक्षित वन क्षेत्र और प्राकृतिक नाले तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही।

मुख्य वन संरक्षक (CCF) बस्तर स्टाइलो मंडावी के मुताबिक, 17 नवंबर की रात डिपॉजिट-14 का ओवरबर्डन भूस्खलित होकर नीचे गिरा था। इससे कंपार्टमेंट नंबर 673 के करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र के प्रभावित होने का अनुमान है। लगभग ढाई से तीन किलोमीटर लंबा नाला भी प्रभावित हुआ है। संबंधित एजेंसी के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया गया है। मलबा स्थिर होने के बाद मौके का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद पेड़-पौधों, वनस्पति और जंगल के पुनर्जीवन को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा।

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सात सदस्यीय जांच दल के माध्यम से घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों को हुए नुकसान और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि खनन से जुड़े अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

डिपॉजिट-14 की यह घटना खनन गतिविधियों और पर्यावरणीय सुरक्षा के बीच संतुलन को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है। ओवरबर्डन डंपिंग के निर्धारित मानकों का पालन हुआ या नहीं, मलबे की निगरानी में कहां चूक हुई और प्रभावित जंगल तथा प्राकृतिक जलस्रोतों को हुए नुकसान की भरपाई कैसे होगी, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल वन विभाग की विस्तृत जांच और नुकसान के अंतिम आकलन का इंतजार है।

शेयर करें

By admin