Chhattisgarh GPM News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के खोडरी धान खरीदी केंद्र में केंद्र प्रबंधक की अनुपस्थिति और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण धान खरीदी का काम प्रभावित हो गया है। प्रबंधक के अवकाश पर होने के बावजूद किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी को प्रभार नहीं सौंपा गया है। इसके चलते केंद्र में धान की तौल और खरीदी शुरू नहीं हो पा रही है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, 13 किसान अपनी उपज बेचने के लिए ट्रैक्टरों में धान लोड कर खरीदी केंद्र के बाहर खड़े हैं। सुबह से इंतजार करने के बावजूद उनकी उपज की तौल शुरू नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि जब केंद्र प्रबंधक अवकाश पर हैं, तो विभाग को पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि खरीदी प्रभावित न हो और किसानों को परेशान न होना पड़े।

इस संबंध में केंद्र के नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रबंधक नवीन साहू संभवतः मेडिकल लीव पर हैं। उनकी अनुपस्थिति में किसी अन्य कर्मचारी को प्रभार नहीं दिया जा सका है। नोडल अधिकारी के अनुसार, मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद जल्द ही खरीदी व्यवस्था सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल जिन किसानों के टोकन जारी हो चुके हैं, वे अपनी उपज बेचने के लिए केंद्र के बाहर इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि उन्हें अनावश्यक आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

शेयर करें

By admin